सीधे सामग्री पर जाएँSkip to content
Vijay Pathak
2nd Inningsहिंदी

छोटी शुरुआत…

3 मिनट में पढ़ें3 min read

साथियों, प्रभात खबर से सेवानिवृत्त हुए एक माह से अधिक हो गये.  इस दौरान एक नये जीवन की शुरुआत का अनुभव तो हुआ, पर मन बार-बार उसी दुनिया की ओर लौटता रहा, जिसमें जिंदगी के चार दशक गुजारे.  खबरों की हलचल, घटनाओं के पीछे छिपे सच को तलाशने की बेचैनी, समाज और सत्ता को करीब से देखने-समझने का सिलसिला और पाठकों से संवाद…ये सब इतनी आसानी से कैसे छूट सकते हैं?

   पत्रकारिता मेरे लिए कभी महज नौकरी नहीं रही.  यह एक जुनून, जिम्मेदारी और समाज से जुड़े रहने का माध्यम रही है.  इस लंबे सफर में बहुत कुछ देखने, सीखने और समझने का अवसर मिला. कई स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय ऐतिहासिक घटनाओं का गवाह बना, सत्ता के गलियारों से लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक की आवाज को करीब से सुना-देखा.  अपनी इस यात्रा में अनेक चुनौतियां आयीं, कई अनुभव मिले और आप सभी का स्नेह और विश्वास हासिल हुआ.  प्रभात खबर के साथ बिताये वर्षों ने मुझे न केवल एक पत्रकार के रूप में गढ़ा, बल्कि जीवन और समाज को देखने का नजरिया भी दिया.

सेवानिवृत्ति के बाद यह महसूस हुआ कि संस्थान की जिम्मेदारियों से भले ही मुक्ति मिल गयी हो, लेकिन पत्रकारिता की जिम्मेदारी और समाज से संवाद की इच्छा अब भी कायम है.  खबरों को पढ़ना, घटनाओं का विश्लेषण करना, सवाल उठाना और अपने अनुभवों को साझा करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा रही है,  इसीलिए तय किया कि इस सफर को यहीं विराम नहीं देना है, बल्कि इसे एक नया मंच और नया विस्तार देना है.

   इसी सोच के साथ मैंने अपना ब्लॉग शुरू करने का निर्णय लिया है. यह ब्लॉग मेरे लिए सिर्फ एक डिजिटल प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि आप सभी से जुड़े रहने, अपने विचार साझा करने और संवाद का सिलसिला आगे बढ़ाने की एक कोशिश है.

अपने इस ब्लॉग पर प्रभात खबर के साथ मेरा सफर, पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और अपने अनुभव, राजनीति की हलचल, खबरों के आगे-पीछे, सामाजिक मुद्दे, समसामयिक घटनाएं और यात्रा के अनुभव जैसे विषयों पर लिखता रहूंगा.  कोशिश होगी कि अनुभवों के आधार पर घटनाओं को देखने-समझने का एक अलग नजरिया सामने रख सकूं.  कुछ यादें होंगी, कुछ सवाल होंगे, कुछ विश्लेषण होंगे और कुछ यात्राओं की कहानियां भी. उम्मीद है कि चार दशकों की पत्रकारिता के दौरान जो रिश्ता आप सभी के साथ बना, वह इस नये सफर में भी और मजबूत होगा.  ब्लॉग के साथ-साथ विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी आप मुझसे जुड़ सकते हैं.    मेरा मानना है…. पद और संस्थान बदल सकते हैं, लेकिन पत्रकारिता का जुनून और संवाद की चाह कभी सेवानिवृत्त नहीं होते. आपका साथ और सुझाव इस नयी शुरुआत की सबसे बड़ी पूंजी होंगे.

साझा करेंShareWhatsAppXFacebook

अपनी राय लिखेंLeave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *