सीधे सामग्री पर जाएँSkip to content
Vijay Pathak

बेतला : जहां जंगल बुलाते हैं ….

7 मिनट में पढ़ें7 min read




कुछ जगह ऐसी होती हैं, जहां हम सिर्फ घूमने नहीं जाते, बल्कि अपने भीतर की थकान, उलझनों और भागदौड़ से कुछ पल की मुक्ति पाने जाते हैं. वहां पहुंच  कर लगता है कि जैसे जिंदगी कुछ देर के लिए ठहर गयी है. न अखबार निकालने की जल्दबाजी,  न कोई तनाव, न किसी मंजिल तक पहुंचने की बेचैनी.  बस प्रकृति का साथ, खुली हवा, पेड़ों की सरसराहट और मन को सुकून देने वाली खामोशी. झारखंड में मेरे लिए .ऐसी ही एक जगह है और वह है बेतला नेशनल पार्क यानी पलामू टाइगर प्रोजेक्ट.
बेतला मेरी पसंदीदा जगहों में से एक है. जब भी मौका मिलता है, वहां जाने का मन बन जाता है.  कई बार तो ऐसा लगता है कि बेतला खुद बुला रहा है.  वहां पहुंचते ही एक अलग तरह की अनुभूति होती है. शहरों का शोर पीछे छूट जाता है और सामने होता है प्रकृति का विराट संसार. जंगल, जंगली जानवर, पहाड़, नदियां और इतिहास के निशान.  बेतला में ऐसा बहुत कुछ है, जो मन को बांध लेता है. शायद यही वजह है कि वहां से लौटने के बाद भी मन वहीं रह जाता है और फिर जाने का इंतजार शुरू हो जाता है.

बेतला के जंगलों की अपनी एक दुनिया है. ऊंचे-ऊंचे पेड़, उनके बीच से छनकर आती सूरज की रोशनी, पत्तों पर पड़ती धूप और हवा के साथ हिलती डालियां.  जंगल के भीतर आगे बढ़ते हुए हर मोड़ पर कुछ नया देखने की उम्मीद बनी रहती है. कभी किसी पेड़ पर बैठा पक्षी ध्यान खींचता है, तो कभी झाड़ियों के पीछे किसी वन्यजीव की हल्की-सी आहट रोमांच पैदा कर देती है. कहीं हिरणों का झुंड दिख जाता है, तो कहीं वाइसन.

बेतला की सबसे बड़ी खूबी यही है कि यहां प्रकृति अपने सहज और मूल रूप में दिखाई देती है.  यहां का वातावरण हमें याद दिलाता है कि मनुष्य इस धरती का मालिक नहीं, बल्कि प्रकृति की विशाल व्यवस्था का एक छोटा-सा हिस्सा है. शहरों में रहते हुए हम अक्सर इस बात को भूल जाते हैं. हमारी जिंदगी इमारतों, सड़कों, वाहनों और मोबाइल की स्क्रीन के बीच सिमटती जाती है. लेकिन बेतला के जंगलों में पहुंचकर लगता है कि दुनिया इससे कहीं बड़ी और खूबसूरत है.

बेतला के पास ही है केचकी संगम. यहां कोयल और औरंगा, दोनों नदियों की जलधाराएं मिलती हैं और यह मुझे विशेष रूप से आकर्षित करती हैं. पानी का बहाव, किनारों पर फैली हरियाली और आसपास का प्राकृतिक सौंदर्य मन को एक अनोखा सुकून देता है. इन नदियों के पास पास कुछ देर बैठना, बहते पानी को देखना और प्रकृति की आवाजों को सुनना अपने आप में एक अनुभव है. वहां समय बिताते हुए लगता है कि जिंदगी में सुकून पाने के लिए बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होती.  कभी-कभी एक नदी, कुछ पेड़ और कुछ पल की खामोशी ही काफी होती है.
  बेतला का भोजन… इसका अलग ही आनंद है. लकड़ी पर बना हुआ खाना…. पुराने दिनों के स्वाद की याद दिलाता है. जब घर में गैस का चूल्हा नहीं होता था. मां लकड़ी पर ही खाना बनाती थीं…. यहां फॉरेस्ट गेस्टहाउस के कुक खमीर मेरे पसंदीदा हैं. उन्हें मेरा और मेरे परिवार से सदस्यों का टेस्ट बता है और वे उसी के अनुरूप खाना बनाते भी हैं.

   बेतला की यात्रा केवल प्रकृति तक सीमित नहीं रहती. यहां का इतिहास भी अपनी ओर खींचता है.  पलामू का किला इस पूरे इलाके की ऐतिहासिक विरासत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है. जंगलों और पहाड़ियों के बीच खड़े किले के अवशेष अतीत की अनेक कहानियां सुनाते प्रतीत होते हैं.  किले की दीवारों को देखते हुए मन में सवाल उठते हैं कि कभी यहां कैसी जिंदगी रही होगी? किस तरह की हलचल रही होगी? कितने संघर्षों और घटनाओं का  साक्षी रहा होगा चेरो राजवंश का यह किला?

पलामू किले (पुराना और नया)  की खासियत यह है कि यहां इतिहास और प्रकृति एक-दूसरे के साथ दिखाई देते हैं, एक तरफ सदियों पुरानी ऐतिहासिक इमारतों के अवशेष हैं, दूसरी तरफ चारों ओर फैला जंगल यह संगम इस जगह को और विशिष्ट बनाता है.  इतिहास में रुचि रखने वालों के लिए यह जगह जितनी महत्वपूर्ण है, प्रकृति प्रेमियों के लिए भी उतनी ही आकर्षक.

बेतला का एक और पक्ष है….यह झारखंड की प्राकृतिक और पर्यटन संबंधी संभावनाओं का प्रतीक है.   पलामू टाइगर रिजर्व के हिस्से के रूप में इसकी पहचान देश के महत्वपूर्ण वन क्षेत्रों में है. यहां हाथियों, वाइसन, तेंदुओं, हिरणों और अनेक पक्षियों सहित विविध वन्यजीवों का संसार है. कभी-कभी बाघ के पदचिन्ह भी मिल जाते हैं. हालांकि जंगल में जाने का असली रोमांच केवल किसी बड़े वन्यजीव को देखने में नहीं है. कई बार किसी अनजान पक्षी की आवाज, पेड़ों के बीच से गुजरती हवा या रास्ते पर दिखते जानवरों के पदचिह्न भी उतना ही आनंद देते हैं.

मेरा मानना है कि झारखंड में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और बेतला इसका एक बेहतरीन उदाहरण है. हमारे पास ऐसे जंगल हैं, जिनकी तुलना देश के किसी भी खूबसूरत वन क्षेत्र से की जा सकती है. हमारे पास नदियां हैं, पहाड़ हैं, झरने हैं, ऐतिहासिक स्थल हैं और समृद्ध आदिवासी संस्कृति है. रूरत है इन्हें बेहतर तरीके से दुनिया के सामने लाने की.  बेतला जैसे स्थानों पर पर्यटन सुविधाओं का विकास हो,  लेकिन ऐसा करते समय जंगल और पर्यावरण की मूल प्रकृति से कोई समझौता न किया जाए,

पर्यटन का विकास केवल होटल, सड़क और सुविधाएं बढ़ाने का नाम नहीं है. इसके साथ स्थानीय लोगों की भागीदारी, रोजगार, जंगलों का संरक्षण और ऐतिहासिक धरोहरों की देखभाल भी जरूरी है.  बेतला का भविष्य इसी संतुलन में छिपा है. यहां आने वाला हर पर्यटक प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव लेकर लौटे, यह भी उतना ही महत्वपूर्ण है.

पत्रकारिता की लंबी यात्रा में अनेक जगहों पर जाना हुआ. कई शहर देखे, कई प्रदेशों की यात्रा की और अलग-अलग तरह के अनुभव मिले, लेकिन कुछ जगहें अपनी एक अलग जगह बना लेती हैं. बेतला मेरे लिए ऐसी ही जगह है. यहां जाना किसी पर्यटन कार्यक्रम का हिस्सा भर नहीं होता. यह अपने आप से मिलने, मन को थोड़ा शांत करने और प्रकृति के करीब होने का अवसर होता है.

बेतला से मेरा लगाव शायद इसलिए भी है कि यहां हर बार कुछ नया महसूस होता है. जंगल वही होते हैं, रास्ते वही होते हैं, नदियां और पहाड़ भी वही रहते हैं, लेकिन हर यात्रा का अनुभव अलग होता है. कभी सुबह की रोशनी आकर्षित करती है, कभी शाम का धुंधलका और जाड़े के मौसम का धुंध. कभी जंगल की खामोशी अच्छी लगती है, तो कभी पक्षियों का शोर. हर बार लगता है कि अभी बहुत कुछ देखना और महसूस करना बाकी है.

मैं जब भी बेतला से लौटता हूं, मन में एक इच्छा जरूर रहती है, फिर जल्दी आऊंगा.  शायद यही किसी जगह से सच्चे लगाव की पहचान है.  कुछ स्थान हमारी स्मृतियों में बस जाते हैं और फिर जीवन भर हमें अपनी ओर खींचते रहते हैं.

बेतला मेरे लिए सिर्फ एक नेशनल पार्क नहीं है?  यह जंगलों की खुशबू है, नदियों का संगीत है, पलामू किले का इतिहास है और झारखंड की उस खूबसूरती का अहसास है, जिसे जितना देखो, उतना ही देखने का मन करता है.  और जब तक वहां के जंगल बुलाते रहेंगे, मेरा वहां लौटना जारी रहेगा.

साझा करेंShareWhatsAppXFacebook

अपनी राय लिखेंLeave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *