सीधे सामग्री पर जाएँSkip to content
Vijay Pathak

मेरे कैरियर की पहली विशेष बुलेटिन

6 मिनट में पढ़ें6 min read
फोटो साभार…

प्रभात खबर और मैं : आठ

अयोध्या विवाद मेरे पसंदीदा विषयों में से एक था. इसकी खबरें मैं ही तैयार किया करता था. तब मैं फ्रंट पेज पर काम कर रहा था. इस मामले की हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर हमारी नजर रहती थी. प्रभात खबर के लिए अयोध्या से हरिशंकर तिवारी नियमित रूप से रिपोर्टिंग किया करते थे. वह फैजाबाद के रहनेवाले थे और इलाके की सामाजिक तथा राजनीतिक परिस्थितियों को अच्छी तरह समझते थे. उनकी खबरों में स्थानीय घटनाक्रम की गहरी जानकारी होती थी. सेवानिवृत्ति के बाद अपने पहले अयोध्या दौरे में मैं उनसे मिला भी.

रांची से भी वाइएन झा और बापी को कवरेज के लिए अयोध्या भेजा गया था. उस दौर में पत्रकारिता आज जैसी आसान नहीं थी. न मोबाइल फोन थे, न इंटरनेट और न ही वाट्सएप. खबरों के आदान-प्रदान के लिए ट्रंककॉल करना पड़ता था. फोन लगवाने के लिए इंतजार करना होता था. कई बार बातचीत के लिए भी काफी मशक्कत करनी पड़ती थी.  5 दिसंबर की शाम मेरी बात हरिशंकर तिवारी से हुई. अयोध्या के हालात को लेकर उनसे विस्तार से चर्चा हुई. उनके पास घटनास्थल से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां थीं. बातचीत के दौरान उन्होंने एक आशंका जतायी. उनका कहना था कि इस बार विवादित ढांचा शायद बच नहीं पायेगा. कारसेवक पूरी तैयारी में हैं और हालात सामान्य नहीं दिख रहे हैं.

    मैंने उनकी बात सुनी, पर उनकी आशंका से सहमत नहीं हुआ. मैंने कहा : ऐसा कुछ नहीं होगा, आप देख लीजिएगा. हालांकि हरिशंकर जी अपनी बात पर जोर देते रहे. उन्हें स्थानीय परिस्थितियों का बेहतर अंदाजा था. उनकी बातों से यह स्पष्ट था कि अयोध्या में स्थिति बेहद संवेदनशील हो चुकी है.  हम लोगों ने उनकी सूचना को गंभीरता से लिया. तय किया कि 6 दिसंबर को यदि कोई बड़ी घटना होती है, तो प्रभात खबर की ओर से विशेष बुलेटिन निकाला जायेगा. यह फैसला आसान नहीं था. विशेष बुलेटिन निकालने के लिए केवल खबरें जुटाना पर्याप्त नहीं होता. संपादकीय टीम को इसकी पूरी योजना बनानी पड़ती है. पेज तैयार करने होते हैं. प्रोडक्शन टीम को भी बुलाना पड़ता है, क्योंकि मशीन के लोग करीब-करीब सुबह तक काम करते हैं. पर खबर की गंभीरता ऐसी थी कि तैयारी जरूरी थी.

6 दिसंबर की सुबह मैं जल्दी ही दफ्तर पहुंच गया. अयोध्या के घटनाक्रम को लेकर उत्सुकता और आशंका दोनों थीं. करीब 10 बजे टेलिप्रिंटर पर एक फ्लैश आया. खबर थी- फ्लैश… फ्लैश… फ्लैश… कारसेवक नियंत्रण से बाहर, गुंबद पर चढ़े. तब टेलिप्रिंटर ही न्यूज का माध्यम हुआ करती थीं.  न्यूज रूम में तब मैं अकेला था. सभी सीनियर्स को सूचना दी गयी.  उस समय टेलीविजन पर आज की तरह चौबीस घंटे खबरें नहीं मिलती थीं. न्यूज चैनलों का ऐसा विस्तार नहीं हुआ था कि घटनास्थल की तस्वीरें लगातार देखी जा सकें. टेलिप्रिंटर, समाचार एजेंसियों और संवाददाताओं की सूचनाएं ही हमारी सबसे बड़ी ताकत थीं. हमने तत्काल विशेष बुलेटिन निकालने की तैयारी शुरू कर दी.

   थोड़ी देर में अनुज भैया भी दफ्तर पहुंच गये. धीरे-धीरे अन्य सीनियर साथी भी पहुंचे. सभी लोगों ने बैठ कर बुलेटिन की रूपरेखा तय की. फैसला हुआ कि चार पेज का टेबलॉयड बुलेटिन निकाला जायेगा. पहले और अंतिम पेज पर घटनाक्रम से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरें रहेंगी, जबकि अंदर के पन्नों पर अयोध्या विवाद की पृष्ठभूमि, विश्लेषण और फीचर सामग्री होगी.  अनुज भैया अपने साथ अयोध्या विवाद से जुड़े कुछ लेख लेकर आये थे. इससे अंदर के पन्नों की सामग्री तैयार करने में मदद मिली. संपादकीय टीम तेजी से काम में जुट गयी. खबरों को व्यवस्थित करना, उपलब्ध सूचनाओं की पुष्टि करना, शीर्षक तैयार करना और पन्नों को अंतिम रूप देना- सब कुछ बहुत कम समय में करना था.

आज इतने वर्षों बाद भी उस विशेष बुलेटिन का शीर्षक मुझे याद है- ‘एक गुंबद ध्वस्त’.

उस दिन की सबसे बड़ी चुनौती केवल खबर को जल्दी पाठकों तक पहुंचाना नहीं थी. घटना बेहद संवेदनशील थी. शहर, राज्य, देश में तनाव था. सामाजिक ताने-बाने और सांप्रदायिक सद्भाव पर इसका असर पड़ सकता था. इसलिए पूरे कवरेज में इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि कोई भी ऐसा शब्द, वाक्य या शीर्षक न जाये, जिससे तनाव बढ़े. खबर की गंभीरता बनी रहे, तथ्यों से समझौता न हो और भाषा संयमित रहे- संपादकीय टीम के सामने ये तीनों बातें महत्वपूर्ण थीं.

दूसरी चुनौती समय की थी. रांची से उस समय एक-दो सांध्य अखबार भी निकलते थे. ऐसे में उनसे पहले बाजार में पहुंचना जरूरी था. हम चाहते थे कि पाठकों को घटना की जानकारी सबसे पहले मिले. यह केवल प्रतिस्पर्धा का सवाल नहीं था, बल्कि एक बड़ी राष्ट्रीय घटना के बारे में लोगों तक तत्काल और विश्वसनीय सूचना पहुंचाने की जिम्मेदारी भी थी. विशेष बुलेटिन तैयार हुआ और बाजार में पहुंचा. रांची में इसकी एक लाख से अधिक प्रतियां बिकीं. एक रुपया दाम रखा गया था उसका. यह उस दौर के लिहाज से बड़ी संख्या थी. पाठकों के बीच बुलेटिन की जबरदस्त मांग थी. लोग अयोध्या में हुई घटना का पूरा विवरण जानना चाहते थे. हालांकि बाद में जिला प्रशासन ने बुलेटिन की कुछ प्रतियां जब्त भी कर ली थीं.  सुधीर प्रसाद तब उपायुक्त, रांची हुआ करते थे.

  पत्रकारिता में कई बार ऐसे मौके आते हैं, जब घटनाक्रम की गति सामान्य कार्यप्रणाली को पीछे छोड़ देती है. तब अनुभव, टीमवर्क और संपादकीय समझ की असली परीक्षा होती है. 6 दिसंबर 1992 का दिन भी ऐसा ही था. उस दिन हमारा उद्देश्य केवल एक विशेष बुलेटिन निकालना या दूसरे अखबारों से पहले बाजार में पहुंचना नहीं था. हमारी प्राथमिकता थी कि प्रभात खबर अपने पाठकों को एक बड़ी और ऐतिहासिक घटना की सूचना सबसे पहले, जिम्मेदारी के साथ और तथ्यपरक ढंग से दे सके.

आज तकनीक बदल गयी है. मोबाइल, इंटरनेट और सोशल मीडिया के कारण खबरें सेकेंडों में दुनिया भर में पहुंच जाती हैं. लेकिन उस दौर में ट्रंककॉल, टेलिप्रिंटर और सीमित संसाधनों के बीच जिस तरह पूरी टीम ने काम किया था, वह अनुभव मेरे पत्रकारिता जीवन की महत्वपूर्ण यादों में शामिल है. कभी-कभी किसी अखबार की पहचान केवल उसके नियमित संस्करण से नहीं बनती, बल्कि ऐसे असाधारण मौकों पर लिये गये फैसलों और निभायी गयी जिम्मेदारियों से भी बनती है. प्रभात खबर का वह विशेष बुलेटिन मेरे लिए ऐसा ही एक अनुभव था… इस तरह के प्रयाशों से ही प्रभात खबर आगे बढ़ा है.

साझा करेंShareWhatsAppXFacebook

अपनी राय लिखेंLeave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *