प्रभात खबर और मैं – 9
संभवत: 1991-92 की बात होगी. मेरे बड़े भाई शशिकांत पाठक पहले से ही प्रभात खबर में काम कर रहे थे. खेल पत्रकारिता में उनकी अपनी पहचान थी. खेल की खबरों पर उनकी अच्छी पकड़ थी और अखबार और खेल के मैदान में उन्हें एक जाने-पहचाने चेहरे के रूप में देखा जाता था. सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन अचानक उनकी तबीयत खराब होने लगी. शुरुआत में बीमारी की गंभीरता का अंदाजा नहीं था. रांची के बड़े-बड़े डॉक्टरों के पास गये. कई जगह जांच करायी गयी, लेकिन कोई डॉक्टर बीमारी की सही पहचान नहीं कर पा रहा था. इधर शशि भैया की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी. परिवार के लिए यह बेहद चिंता और बेचैनी का समय था. जब बीमारी समझ में न आये और मरीज की स्थिति बिगड़ती जाये, तो परिवार पर क्या गुजरती है, इसे वही महसूस कर सकता है, जिसने ऐसा वक्त देखा न हो.
आखिरकार उन्हें करमटोली स्थित छोटानागपुर नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया. उस समय इस नर्सिंग होम को डॉ राजचंद्र झा चलाते थे. डॉ राज की भी प्रभात खबर से पुरानी नजदीकी थी. वह खुद अखबार के संपादकीय विभाग में महत्वपूर्ण पद पर काम कर चुके थे. अस्पताल में भर्ती होने के बाद जांच हुई, तो पता चला कि शशि भैया को मेनिनजाइटिस हो गया है. यह खबर हमारे लिए किसी झटके से कम नहीं थी. बीमारी गंभीर थी. शशि भैया करीब एक महीने तक अस्पताल में भर्ती रहे. कई दिनों तक तो वह अचेत भी रहे. परिवार के लिए वे दिन बेहद कठिन थे. एक तरफ परिवार के सदस्य की जिंदगी की चिंता, दूसरी तरफ इलाज का खर्च. उस दौर में मेडिकल इंश्योरेंस जैसी सुविधा आम नहीं थी. हमारे परिवार के पास भी ऐसी कोई व्यवस्था नहीं थी. अस्पताल का खर्च लगातार बढ़ रहा था और हमारी आर्थिक हैसियत इतनी नहीं थी कि लंबे इलाज का पूरा बोझ आसानी से उठा सकें.
डॉ राजचंद्र झा की वजह से इलाज और अस्पताल के खर्च में कुछ सहूलियत जरूर मिल रही थी. डॉक्टर अपनी ओर से पूरा प्रयास कर रहे थे. हम सबकी निगाहें शशि भैया के स्वास्थ्य पर टिकी थीं. आखिरकार डॉक्टरों के प्रयास सफल हुए. धीरे-धीरे उनकी स्थिति में सुधार हुआ और वह खतरे से बाहर आ गये. परिवार के लिए यह बहुत बड़ी राहत थी. पर ऐसी एक बात थी, जिसने हमारे मन पर गहरी छाप छोड़ी. शशि भैया अस्पताल में भर्ती थे, तब प्रभात खबर के प्रधान संपादक हरिवंश सर लगातार उनका हालचाल लेते रहे. यह केवल औपचारिक फोन या संदेश तक सीमित नहीं था. तीनों नियमित रूप से अस्पताल भी जाते थे. मरीज की स्थिति के बारे में जानकारी लेते, परिवार से मिलते और हमारा हौसला बढ़ाते थे.
उस समय शायद हमें इस बात का पूरा एहसास नहीं था कि किसी संस्थान के वरिष्ठ लोगों का इस तरह लगातार अस्पताल आना हमारे लिए कितना बड़ा संबल था. नौकरी और दफ्तर की दुनिया में आम तौर पर कामकाज, जिम्मेदारी और अनुशासन की बातें होती हैं. यहां मामला इससे आगे का था. एक सहकर्मी बीमार था और उसके साथियों के लिए उसकी चिंता केवल दफ्तर तक सीमित नहीं थी. जब तक अस्पताल में शशि भैया भर्ती रहे, तब तक मुझे भी विशेष छुट्टी भी दी गयी थी
वह दिन आया, जब शशि भैया को अस्पताल से छुट्टी दिलानी थी. बीमारी से उबरने की खुशी तो थी ही, लेकिन मन में अस्पताल के बिल की चिंता भी थी. इतने लंबे इलाज का खर्च कैसे चुकायेंगे, यह सवाल लगातार परेशान कर रहा था. अस्पताल में छुट्टी की औपचारिकताएं पूरी करायी जा रही थी. किस तरह बिल का भुगतान कराया जाये, इसकी चिंता थी. लेकिन वहां पहुंच कर जो पता चला, उसने हमें और हमारे परिवार को भीतर तक छू लिया. मुझे बताया गया कि अस्पताल का पूरा बिल चुका दिया गया है. पहले तो विश्वास ही नहीं हुआ. पता किया, तो जानकारी मिली कि प्रभात खबर प्रबंधन ने शशि भैया के इलाज का पूरा खर्च वहन किया है. यह हमारे लिए किसी अप्रत्याशित मदद से कम नहीं था. जिस समय परिवार आर्थिक रूप से इतना सक्षम नहीं था कि अस्पताल का पूरा खर्च उठा सके, उस समय संस्थान ने आगे बढ़कर सारी जिम्मेदारी अपने ऊपर ले ली थी. न कोई दिखावा और न ही किसी तरह का एहसान जताने का भाव. बस एक कर्मचारी और उसके परिवार की मुश्किल को अपनी मुश्किल समझकर मदद कर दी गयी थी. उस दिन हमारे परिवार ने राहत की सांस ली. शशि भैया स्वस्थ होकर घर लौट रहे थे और इलाज के खर्च की चिंता भी खत्म हो चुकी थी. पर मन में एक दूसरी बात लगातार चल रही थी. आखिर कोई संस्थान अपने कर्मचारी और उसके परिवार के लिए इससे ज्यादा क्या कर सकता है?
आम तौर पर उन दिनों प्रबंधन को लेकर कई तरह की बातें सुनने को मिलती थीं. कहा जाता था कि प्रबंधन कर्मचारी हितों के लिए बहुत कुछ नहीं करता. वेतन, सुविधाओं और कामकाज को लेकर लोगों की अपनी शिकायतें भी रही होंगी. लेकिन इस एक घटना ने मेरे मन में बनी उस धारणा को बदल दिया. मैंने महसूस किया कि किसी संस्थान का मूल्यांकन केवल वेतन, सुविधाओं और प्रशासनिक फैसलों से नहीं किया जा सकता. असली पहचान तो संकट के समय सामने आती है. जब कोई कर्मचारी मुश्किल में हो, तब संस्थान उसके साथ किस तरह खड़ा होता है, यही उसकी मानवीयता की असली कसौटी है.
शायद इसी घटना ने मेरे मन में प्रभात खबर के प्रति एक अलग तरह का जुड़ाव पैदा किया. यह केवल नौकरी या पत्रकारिता करने की जगह नहीं रह गयी थी. यह एक ऐसा संस्थान बन गया था, जिसने मेरे परिवार के कठिन समय में हमारा हाथ थामा था. संभव है, लंबे समय तक प्रभात खबर से जुड़े रहने के पीछे इस अनुभव की भी एक अहम भूमिका रही हो. आज भी प्रभात खबर के साथ बिताये चार दशकों की अनेक यादें सामने आती हैं. पत्रकारिता के संघर्ष, खबरों की आपाधापी, साथियों का स्नेह, संपादकीय बैठकों की चर्चाएं और न जाने कितने अनुभव. लेकिन इन सबके बीच 1991-92 का वह प्रसंग मेरे लिए हमेशा खास रहेगा.
चार दशक की इस यात्रा में बहुत कुछ बदला. लोग बदले, समय बदला, अखबार बदला और पत्रकारिता का स्वरूप भी बदल गया. लेकिन कुछ अनुभव समय के साथ धुंधले नहीं होते. वे स्मृतियों में और गहरे उतरते जाते हैं. मेरे लिए यह उन्हीं अनुभवों में से एक है. प्रभात खबर के साथ मेरी यात्रा का यह एक ऐसा भावुक अध्याय है, जिसे मैं कभी भूल नहीं सकता.

