प्रभात खबर और मैं : 10
प्रभात खबर में जिन लोगों से मैंने काम सीखा, उनकी सूची काफी लंबी है. हरिवंश सर, हरि भाई, कृपाशंकर चौबे, अविनाश ठाकुर सर, अनुज भैया, ओमप्रकाश जी, कविंद्र कर्ण जी, विनय बिहारी सिंह जी,, गोपीकृष्ण उपाध्याय जी… ऐसे कई नाम हैं, जिनका मेरे पत्रकारिता के शुरुआती सफर में महत्वपूर्ण योगदान रहा. इन सभी से कुछ न कुछ सीखने को मिला. किसी ने खबरों की समझ विकसित की, किसी ने भाषा, खबर और उसकी प्रस्तुति की बारीकियां बतायीं, तो किसी ने काम के प्रति अनुशासन और प्रतिबद्धता का महत्व समझाया.
इन्हीं लोगों के बीच एक शख्सियत ऐसी भी थी, जिसने मुझे काफी प्रभावित किया. वह थे संजीव क्षितिज सर. संभवत: उस समय वह कार्यकारी संपादक थे. उनकी एक खासियत थी, जो आज भी मुझे याद है. जब भी उनसे किसी खबर को लेकर वरीय साथियों से चर्चा होती, उनका जोर इस बात पर रहता कि इसमें अतिरिक्त इनपुट क्या जोड़ा जा सकता है. खबर में ऐसा क्या है, जो पाठक को दूसरी जगह नहीं मिलेगा? खबर को और बेहतर, ज्यादा तथ्यपरक और उपयोगी कैसे बनाया जा सकता है? आज के दौर में यह सब करना अपेक्षाकृत आसान है. इंटरनेट है, गूगल है, एआइ है, अखबारों और दस्तावेजों का डिजिटल आर्काइव है. किसी घटना की पृष्ठभूमि और उससे जुड़ी पुरानी जानकारियां कुछ मिनटों में जुटायी जा सकती हैं. उस दौर में ऐसा कुछ नहीं था. न इंटरनेट था, न गूगल और न ही कोई आर्काइव. तब अतिरिक्त जानकारी जुटाने का सबसे बड़ा माध्यम अखबार ही हुआ करते थे.
संजीव क्षितिज सर खूब पढ़ते थे. उनकी याददाश्त भी गजब की थी. उन्हें याद रहता था कि किस तारीख को किस अखबार के किस पन्ने पर किसी विषय से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी छपी थी. वह कहते- फलां तारीख का यह… अखबार निकालिए, उसके इस…. पन्ने पर देखिए, इससे जुड़ी जानकारी मिल जायेगी. अखबारों के पुराने अंक तलाशते जाते और र वहां से ऐसी जानकारियां मिल जातीं, जो खबर को एक नया आयाम दे देती थीं. उनसे मैंने सीखा कि पत्रकारिता सिर्फ सामने आयी सूचना को लिख देने का नाम नहीं है. एक अच्छी खबर के लिए जरूरी है कि पत्रकार उसके पीछे की कहानी भी समझे. उसे घटना की पृष्ठभूमि, संदर्भ और उसके संभावित प्रभावों की जानकारी हो. खबर में अतिरिक्त इनपुट जोड़ने की यह आदत आगे चलकर मेरे काम का महत्वपूर्ण हिस्सा बनी.
संजीव क्षितिज सर ने मेरी एक छोटी, लेकिन महत्वपूर्ण गलती भी सुधारी थी. मैं अक्सर काम के दौरान ‘बिहार’ को ‘विहार’ लिख देता था. मेरी इस गलती की ओर संजीव सर ने ही ध्यान दिलाया. इसके बाद मैंने दोबारा यह गलती नहीं की. किसी सीनियर का काम सिर्फ बड़ी-बड़ी बातें बताना नहीं होता, बल्कि छोटी-छोटी गलतियों को सुधारना भी होता है. ऐसी ही छोटी सीखें धीरे-धीरे पत्रकारिता की बुनियाद मजबूत करती हैं.
पहला संपादकीय और शाबासी
हरिवंश सर ने संपादकीय विभाग में एक अच्छी व्यवस्था लागू की थी. विभाग का हर उप संपादक, संपादकीय लिखेगा. इसके लिए बारी तय होती थी और हर दिन अलग-अलग साथी को यह जिम्मेदारी मिलती थी. करीब 15-20 दिनों के अंतराल पर मेरी भी बारी आयी. उस समय खाड़ी युद्ध चल रहा था. अंतरराष्ट्रीय राजनीति में यह एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम था और अखबारों में इसकी खूब चर्चा होती थी. मुझे खाड़ी युद्ध पर संपादकीय लिखने का निर्देश मिला. कहा गया कि रात में संपादकीय लिख कर जाना है. यह मेरे लिए एक बड़ी जिम्मेदारी थी. खबरें लिखना और संपादकीय लिखना दो अलग-अलग तरह के काम हैं. खबर में तथ्यों और घटनाओं को प्रमुखता दी जाती है, जबकि संपादकीय में उन घटनाओं का विश्लेषण करना होता है. उसमें अपना और संस्थान का दृष्टिकोण और तर्क भी रखना पड़ता है. मैंने रात में बैठकर संपादकीय लिखा और घर चला गया. अगले दिन जब दफ्तर पहुंचा, तो संजीव क्षितिज सर ने मुझे बुलाया. उन्होंने कहा- अच्छा लिखे हो. उनके मुंह से यह बात सुनना मेरे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि थी. उस समय पत्रकारिता के शुरुआती दौर में था. वरिष्ठों से मिली छोटी-सी प्रशंसा भी मन में नया उत्साह भर देती थी. संजीव सर की उस टिप्पणी ने मेरा आत्मविश्वास बढ़ाया. लगा कि मैं भी संपादकीय लिख सकता हूं और इस दिशा में आगे बढ़ सकता हूं.
संपादकीय पन्ना: सबसे चुनौतीपूर्ण पाठशाला
प्रभात खबर में काम करते हुए मुझे लगभग हर पन्ने पर काम करने का अवसर मिला. अलग-अलग डेस्क पर काम करने से अखबार की पूरी प्रक्रिया समझने का मौका मिला. लेकिन मेरे लिए सबसे चुनौतीपूर्ण पन्ना था एडिट पेज यानी संपादकीय पन्ना. उस समय नीहारिका जी (उन्हें में दीदी बुलाता था) संपादकीय पन्ने की प्रभारी हुआ करती थीं. मैं उनको सहयोग कर रहा था. हिंदी भाषा पर उनकी जबरदस्त पकड़ थी. वह साहित्यकार परिवार से आती थीं और उनकी भाषा का स्तर बहुत ऊंचा था. उनके साथ काम करना अपने आप में एक सीखने का अनुभव था. उनके काम करने का तरीका भी अलग था. वह बोलती काफी कम थीं.. पर काम करते हुए उनके भाव समझ लेता था. इससे काम में काफी आसानी होती थी. वैसे संपादकीय पन्ने पर काम करते हुए सिर्फ खबरों और लेखों की भाषा ठीक करना पर्याप्त नहीं होता. शब्दों के चयन, वाक्य विन्यास, विचारों की स्पष्टता और लेख के प्रवाह पर भी ध्यान देना पड़ता है. एक छोटी-सी भाषाई चूक भी पूरे लेख के प्रभाव को कमजोर कर सकती है.
नीहारिका जी की भाषा संबंधी समझ और संपादन की बारीकियों ने मुझे बहुत कुछ सिखाया. उनके साथ काम करते हुए यह महसूस हुआ कि हिंदी पत्रकारिता में भाषा सिर्फ अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि अखबार की पहचान भी होती है. संपादकीय पन्ने पर प्रकाशित होनेवाली सामग्री में वैचारिक गंभीरता के साथ भाषाई गरिमा भी जरूरी है. शुरुआत में इस पन्ने पर काम करना थोड़ा कठिन लगता था. धीरे-धीरे समझ विकसित होने लगी. किस लेख को किस तरह प्रस्तुत करना है, कहां संपादन की जरूरत है, किस वाक्य को छोटा करना है और कहां लेखक के मूल भाव को सुरक्षित रखना है- ये सब बातें इसी पन्ने पर काम करते हुए सीखीं.
इसी क्रम में दिन ऐसा भी आया, जिसने इस पूरी मेहनत को सार्थक कर दिया. प्रधान संपादक हरिवंश सर ने नीहारिका जी और मुझे अपने पास बुलाया. उन्होंने कहा कि देश के किसी भी हिंदी अखबार से प्रभात खबर का संपादकीय पन्ना बेहतर निकल रहा है. उन्होंने इसे इसी स्तर पर बरकरार रखने को कहा. यह हमारे लिए बहुत बड़ी प्रशंसा थी. खासकर इसलिए कि यह बात प्रधान संपादक की ओर से कही गयी थी. किसी भी संस्थान में काम करनेवाले व्यक्ति के लिए अपने वरिष्ठ से मिली ऐसी शाबासी का महत्व अलग होता है. इससे यह भरोसा मिलता है कि आपकी मेहनत देखी जा रही है और आपके काम की सराहना भी हो रही है.
हरिवंश सर की इस टिप्पणी ने हमारा उत्साह बढ़ाया. एक संपादक के रूप में उनकी खासियत यह भी थी कि वह सिर्फ काम लेनेवाले बॉस नहीं थे. वह एक गार्जियन की तरह अपने साथियों के पीछे खड़े रहते थे. गलती होने पर बताते थे, बेहतर काम होने पर उसकी सराहना भी करते थे और जिम्मेदारी देकर लोगों को आगे बढ़ने का अवसर देते थे. पत्रकारिता के उस दौर में हमने सिर्फ खबरें लिखना और अखबार के पन्ने तैयार करना नहीं सीखा था. हमने एक संस्थान में काम करने की संस्कृति, वरिष्ठों से सीखने का तरीका और अपने काम को लगातार बेहतर बनाने की ललक भी सीखी थी.
प्रभात खबर में बिताये उन वर्षों की यही सबसे बड़ी पूंजी है. आज तकनीक बदल गयी है. खबरों के स्रोत बदल गये हैं. सूचनाएं जुटाने के साधन पहले से कहीं ज्यादा हो गये हैं. पर अच्छी पत्रकारिता के मूल तत्व आज भी वही हैं- पढ़ने की आदत, तथ्यों की तलाश, भाषा पर पकड़, विश्लेषण की क्षमता और लगातार सीखते रहने की इच्छा. शायद इसी वजह से प्रभात खबर मेरे लिए सिर्फ नौकरी करने की जगह नहीं रहा. वह एक ऐसी पाठशाला बना, जहां हर दिन कुछ नया सीखने को मिलता था और जहां कुछ लोग ऐसे मिले, जिनकी सीख आज भी मेरे साथ चलती है.

