सीधे सामग्री पर जाएँSkip to content
Vijay Pathak

40 रुपये का इनक्रिमेंट और सुकून…

6 मिनट में पढ़ें6 min read

प्रभात खबर और मैं : चार



जब रांची मुख्यालय में काम शुरू किया था, तब शुरुआती दौर की चुनौतियां अलग थीं. काम सीखने की ललक थी, खुद को साबित करने का उत्साह था और पत्रकारिता को लेकर मन में एक अलग तरह का जुनून था. धीरे-धीरे काम समझ में आने लगा. कॉपियों पर मेहनत बढ़ी, जिम्मेदारियां भी बढ़ीं और फिर कन्फर्मेशन के बाद वेतन मिलने लगा 1275 रुपये.

आज के दौर में शायद इस रकम की कल्पना करना भी मुश्किल हो, लेकिन तब 1275 रुपये मिलने पर भी मन में एक अलग तरह का सुकून था. अपने पैरों पर खड़े होने का अहसास था. पत्रकारिता की दुनिया में अपनी जगह बनाने की शुरुआत हो चुकी थी. उस समय वेतन से ज्यादा महत्व इस बात का था कि हम क्या सीख रहे हैं और अपने काम से कितना आगे बढ़ पा रहे हैं.

पर कम वेतन के बीच कुछ अतिरिक्त कमाई की जरूरत भी महसूस होती थी. लिहाजा हम साथियों ने इसका रास्ता निकालना शुरू किया. तब अखबार में बाइलाइन स्टोरी लिखने के भी पैसे मिलते थे. एक बाइलाइन स्टोरी के 40 रुपये मिलते थे. यह सुविधा मुख्य रूप से डेस्क के साथियों के लिए थी. हम लोगों ने इसका भरपूर उपयोग किया. खबरों के अलावा स्टोरी, फीचर और लेख लिखने शुरू किये. कोशिश रहती थी कि नियमित काम के साथ कुछ ऐसा भी लिखा जाये, जिसे अखबार में जगह मिले और उससे थोड़ी अतिरिक्त आमदनी हो.

इसका फायदा भी मिला. लिखते-लिखते कभी-कभी एक महीने में एक हजार रुपये तक अतिरिक्त कमाई हो जाती थी. इस तरह 1275 रुपये के वेतन के साथ लेखन से मिलने वाली राशि जुड़ती गयी और महीने की कुल आमदनी दो हजार से सवा दो हजार रुपये तक पहुंचने लगी. उस दौर में यह रकम हमारे लिए काफी मायने रखती थी.

आज जब उस समय को याद करता हूं, तो लगता है कि वे दो हजार रुपये सिर्फ कमाई नहीं थे. उनमें हमारी मेहनत, अतिरिक्त समय, लेखन का अभ्यास और अपनी प्रतिभा को साबित करने की खुशी शामिल थी. हर बाइलाइन के साथ एक संतोष मिलता था. अपनी लिखी स्टोरी को अखबार में प्रकाशित देखना अपने आप में बड़ी उपलब्धि थी. उसके लिए मिलने वाले 40 रुपये उस उपलब्धि को और खास बना देते थे.

यह भी सच है कि उस दौर में प्रभात खबर का नया प्रबंधन खुद एक नयी व्यवस्था खड़ी करने में जुटा था. अखबार को आगे बढ़ाना था, संसाधन जुटाने थे और कर्मचारियों के लिए बेहतर माहौल बनाना था. लेकिन चुनौतियां कम नहीं थीं. न अखबार की प्रतियां आज की तरह थीं और न ही राजस्व जुटाने के पर्याप्त माध्यम. रांची जैसे शहर से विज्ञापन जुटाना उस समय लगभग असंभव जैसा काम था. बाजार छोटा था, विज्ञापनदाताओं की संख्या सीमित थी और अखबार को स्थापित करने की लड़ाई लगातार जारी थी.

इसके बावजूद प्रबंधन ने कर्मचारियों की मदद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. उस समय आर्थिक संसाधन सीमित थे, लेकिन कर्मचारियों के प्रति एक जिम्मेदारी का भाव था. वेतन भले ही बहुत ज्यादा नहीं था, लेकिन उसे लेकर एक नियमितता और भरोसा था. वार्षिक वेतन वृद्धि कभी नहीं रोकी गयी. हर साल वेतन बढ़ता था. हां, उस समय इनक्रिमेंट की रकम आज की तरह बड़ी नहीं होती थी. सामान्य तौर पर 40 रुपये की वेतन वृद्धि होती थी, लेकिन अगर किसी कर्मचारी का काम अच्छा था और उसका प्रदर्शन प्रशंसनीय माना जाता था, तो उसे डबल इनक्रिमेंट मिलता था. यानी 40 रुपये की जगह 80 रुपये की वेतन वृद्धि. आज के दौर में 80 रुपये की वेतन वृद्धि सुनकर शायद किसी को आश्चर्य भी न हो, लेकिन तब यह हमारे लिए बड़ी बात थी. इससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण होता था उसके पीछे मिलने वाली प्रशंसा.

   प्रबंधन की ओर से बाकायदा पत्र मिलता था. उसमें लिखा होता था कि कंपनी आपके प्रदर्शन से खुश है, इसलिए इस बार आपको 80 रुपये का इनक्रिमेंट दिया जा रहा है. यह महज वेतन वृद्धि का पत्र नहीं था, बल्कि कर्मचारी के काम की स्वीकार्यता और उसके प्रति प्रबंधन के भरोसे का प्रमाण था.

ऐसे कई पत्र आज भी मैंने सहेज कर रखे हैं. जब कभी पुराने कागजात उलटता-पलटता हूं और वे पत्र सामने आते हैं, तो एक अलग तरह की स्मृति ताजा हो जाती है. उन पत्रों को देखकर लगता है कि उस समय छोटी-छोटी उपलब्धियों की भी कितनी अहमियत थी. किसी कर्मचारी के अच्छे काम को पहचानना और उसे लिखित रूप में प्रोत्साहित करना अपने आप में एक बड़ी बात थी.

आज पत्रकारिता की दुनिया पूरी तरह बदल चुकी है. वेतन, सुविधाएं, तकनीक, काम करने के तरीके और अखबारों का आर्थिक ढांचा, सब कुछ पहले से अलग है. उस समय जहां एक-एक रुपये की अहमियत थी, आज वेतन के आंकड़े हजारों से लाखों तक पहुंच गये हैं. पत्रकारिता में प्रतिस्पर्धा बढ़ी है, काम का दबाव बढ़ा है और संसाधनों का विस्तार हुआ है. लेकिन इस बदलाव के बीच उस दौर की कुछ बातें आज भी याद आती हैं.

तब सीमित संसाधनों के बावजूद सीखने का अवसर था. अपनी मेहनत से आगे बढ़ने की गुंजाइश थी. डेस्क पर काम करने वाला व्यक्ति भी अपनी लेखन क्षमता के बूते अतिरिक्त कमाई कर सकता था. बाइलाइन मिलना सम्मान की बात थी और उसके साथ मिलने वाले 40 रुपये मेहनत का प्रतिफल.

सबसे बड़ी बात यह थी कि संस्थान और कर्मचारियों के बीच एक आत्मीय रिश्ता महसूस होता था. प्रबंधन भी अपनी सीमाओं के भीतर कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने की कोशिश करता था. हर साल मिलने वाला छोटा-सा इनक्रिमेंट और अच्छे काम पर मिलने वाला प्रशंसा पत्र मनोबल बढ़ाने के लिए काफी होता था.

अब पीछे मुड़कर देखता हूं, तो 1275 रुपये की वह तनख्वाह छोटी जरूर लगती है, लेकिन उससे जुड़ी यादें बहुत बड़ी हैं. उन दिनों की आर्थिक सीमाएं थीं, लेकिन सपने सीमित नहीं थे. कमाई कम थी, मगर संतोष ज्यादा था. शायद इसलिए कि हर छोटी उपलब्धि अपनी लगती थी और हर अगला कदम अपनी मेहनत से हासिल किया हुआ महसूस होता था.

आज भी उन पुराने पत्रों को संभालकर रखने की वजह यही है. वे सिर्फ वेतन वृद्धि के दस्तावेज नहीं हैं, बल्कि उस दौर की पत्रकारिता, संघर्ष, संस्थान की सोच और हमारे भीतर काम करने के जुनून की कहानी कहते हैं. सच कहूं, तो उस समय के दो-सवा दो हजार रुपये में जो सुकून था, वह आज भी यादों में वैसा ही ताजा है.

साझा करेंShareWhatsAppXFacebook

अपनी राय लिखेंLeave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *