सीधे सामग्री पर जाएँSkip to content
Vijay Pathak

तब सीखने-सिखाने का दौर था..

7 मिनट में पढ़ें7 min read

प्रभात खबर और मैं : तीन

फरवरी 1990 में मैंने रांची मुख्यालय में काम करना शुरू किया. प्रभात खबर में यह मेरे सफर का एक नया अध्याय था. शुरुआत में मुझे रूरल डेस्क की जिम्मेदारी मिली. आज पीछे मुड़कर देखता हूं, तो महसूस होता है कि पत्रकारिता की बुनियादी समझ विकसित करने में इस डेस्क की मेरी भूमिका सबसे अहम रही. मेरा मानना है कि किसी भी उप संपादक को अगर सही मायने में खबरों की समझ विकसित करनी है और संपादन का हुनर सीखना है, तो उसे कुछ समय रूरल डेस्क पर जरूर काम करना चाहिए. यह बात तब भी सही थी और आज भी है.

     रूरल डेस्क पर काम करना आसान नहीं होता. यहां आनेवाली कॉपियों पर काफी मेहनत करनी पड़ती है. कई बार खबर की भाषा सुधारने या उसे छोटा करने भर से काम नहीं चलता, बल्कि पूरी खबर को नये सिरे से लिखना पड़ता है. ग्रामीण इलाकों से आनेवाली खबरों में कई तरह की सूचनाएं होती हैं. उनमें से खबर के जरूरी तत्वों को पहचानना, तथ्यों को व्यवस्थित करना, भाषा को सरल बनाना और पाठकों के लिए खबर को उपयोगी बनाना, यह सब इसी डेस्क पर सीखा. खबर को समझने और उसे बेहतर ढंग से प्रस्तुत करने की जो बुनियाद बनी, उसमें रूरल डेस्क का बड़ा योगदान रहा.

     मुझे प्रभात खबर में लगभग हर डेस्क पर बतौर सब एडिटर काम सीखने का अवसर मिला. यह मेरे लिए सौभाग्य की बात थी कि उस दौर में अखबार के डेस्क पर ऐसे लोग मौजूद थे, जिनसे हर दिन कुछ नया सीखने को मिलता था. अविनाश ठाकुर सर, अनुज भैया (अनुज कुमार सिन्हा, जो अभी झारखंड के सूचना आयुक्त हैं), कृपाशंकर चौबे सर, श्रीनिवास जी, प्रकाश लाल सनोई जी, विनय बिहारी सिंह सर, कवींद्र कर्ण जी और शशि भैया जैसे अनुभवी सीनियर्स के साथ काम करने का मौका मिला. हरि भाई तो थे ही. इन सभी लोगों का अपना अलग अंदाज और काम करने का अपना तरीका था. किसी से खबर की भाषा सीखने को मिलती, तो किसी से खबर की प्रस्तुति और उसके महत्व को समझने का हुनर.

    डेस्क पर काम करते हुए धीरे-धीरे फ्रंट पेज पर भी काम करने का मौका मिला. उस दौर में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर अखबारों में लगातार खबरें आती थीं. पंजाब में आतंकवाद और अयोध्या विवाद ऐसे विषय थे, जिनमें मेरी विशेष दिलचस्पी थी. फ्रंट पेज पर जब भी इनसे जुड़ी खबरें आतीं, तो अधिकतर उन्हें तैयार करने की जिम्मेदारी मेरी होती थी. इन विषयों की खबरों को पढ़ना, उनके पीछे की घटनाओं को समझना और फिर उन्हें अखबार के पाठकों के लिए सही ढंग से प्रस्तुत करना मेरे लिए एक तरह का अभ्यास भी था और रुचि का विषय भी. अभी निजी दौरे पर अयोध्या गया था. तब उस विवाद की पूरी कहानी एकबारगी सामने आ गयी.

मुझे काम सिखानेवालों की चर्चा हो और रजत दा यानी रजत गुप्ता का नाम न आये, यह संभव नहीं है. उन्होंने भी मेरे पत्रकारिता जीवन को गढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. उस समय अखबार के दफ्तर में काम करने का कोई निश्चित समय नहीं था. सुबह करीब दस बजे ऑफिस पहुंचता था, लेकिन घर कब लौटना है, इसका कोई ठिकाना नहीं होता था. कई बार रात में अचानक कोई अतिरिक्त काम आ जाता था. मसलन, इंडिपेंडेंट या लंदन के टेलीग्राफ अखबार का कोई पन्ना मिल जाता था. फिर निर्देश होता था कि इसका अनुवाद कर दो, सुबह पेस्ट होना है. अब यह काम रात में ही पूरा करना होता था. ऐसे मौकों पर रजत दा हमारे संकटमोचक बनते थे. वे टाइपराइटर पर बैठ जाते और पूरे पन्ने का अनुवाद कर देते थे. उनके इस सहयोग से काम समय पर पूरा हो जाता और मुझे कुछ पहले घर लौटने का मौका मिल जाता था. उस समय विनय पाठक भी हमारे साथी थे. वे हमसे पहले से काम कर रहे थे. हमउम्र होने के कारण उनसे खूब पटती थी. काम के दबाव के बीच साथियों के साथ ऐसे रिश्ते दफ्तर के माहौल को सहज बनाये रखते थे.

     आज के दौर में खबरें कुछ ही मिनटों में मोबाइल और कंप्यूटर के जरिये न्यूजरूम तक पहुंच जाती हैं, लेकिन 1990 के आसपास स्थितियां बिल्कुल अलग थीं. खबरों के आने के एक-दो ही माध्यम थे- डाक, कूरियर और बाइहैंड. शहर के संवाददाता तो दफ्तर आकर अपनी कॉपी फाइल कर देते थे, लेकिन दूर-दराज के इलाकों से खबरें मंगाना और उन्हें समय पर प्राप्त करना अपने आप में चुनौती थी. न्यूजरूम में एक-दो लैंडलाइन फोन ही हुआ करते थे. उन्हीं के सहारे बाहर से खबरें आती थीं. फोन पर खबर लेना, उसे नोट करना और फिर उसे कॉपी का रूप देना भी काम का हिस्सा था. आज की तरह न इंटरनेट था, न ईमेल और न ही व्हाट्सऐप पर खबरें भेजने की सुविधा. खबर जुटाने और उसे अखबार तक पहुंचाने में काफी वक्त और मेहनत लगती थी.

       इस दौर की एक याद मेरी शादी से भी जुड़ी है. जब मेरी शादी हो रही थी, तब मैं और संजय सिंह जी रूरल डेस्क पर काम करते थे. संजय सिंह जी अंग्रेजी प्रभात खबर से हिंदी में आये थे. शादी के लिए छुट्टी पर जाने से पहले हम दोनों ने मिलकर पांच दिनों के पेज एडवांस तैयार कर दिये थे. उस समय रूरल का भी एक ही एडिशन हुआ करता था. इसलिए पांच दिनों के पेज पहले से तैयार कर देना संभव हो पाया. आज सोचता हूं, तो लगता है कि उस समय काम के प्रति जिम्मेदारी और साथियों के बीच आपसी सहयोग कितना सहज था. अपनी निजी जिंदगी के महत्वपूर्ण अवसर पर जाने से पहले भी यह चिंता रहती थी कि हमारे जाने से अखबार का काम प्रभावित नहीं होना चाहिए.

     उस दौर की सबसे खास बात थी- सीखने और सिखाने का माहौल. आज तकनीक ने पत्रकारिता के काम को बहुत आसान और तेज कर दिया है. कॉपी भेजने से लेकर संपादन, पेज बनाने और अखबार छापने तक हर प्रक्रिया में बदलाव आ गया है. तब सारे काम मैनुअल होते थे. टाइपराइटर, कागज, प्रूफ और पेस्टिंग के बीच ही अखबार तैयार होता था. छोटी-सी गलती सुधारने में भी समय लगता था. लेकिन इन तमाम कठिनाइयों के बावजूद काम सीखने का उत्साह कम नहीं होता था.

     कई-कई रातें ऐसी होती थीं, जब दफ्तर से घर लौटना भी नहीं हो पाता था. काम करते-करते रात गुजर जाती और सुबह फिर अखबार का नया दिन शुरू हो जाता. थकान जरूर होती थी, लेकिन मन में एक संतोष भी रहता था कि कुछ नया सीखने को मिला. उस समय यह नहीं सोचते थे कि कितने घंटे काम किया या कब छुट्टी मिलेगी. बस यह उत्साह रहता था कि खबर को बेहतर कैसे बनाया जाये और अखबार को और अच्छा कैसे निकाला जाये.

    आज जब पत्रकारिता के अपने लंबे सफर को पीछे मुड़कर देखता हूं, तो फरवरी 1990 का वह दौर आंखों के सामने आ जाता है. रूरल डेस्क से शुरू हुई सीखने की यात्रा ने मुझे अलग-अलग डेस्क तक पहुंचाया. इस यात्रा में कई लोगों का स्नेह, मार्गदर्शन और सहयोग मिला. हर व्यक्ति से कुछ न कुछ सीखा. शायद पत्रकारिता की असली पाठशाला यही थी- रोज का काम, रोज की चुनौतियां और हर दिन कुछ बेहतर करने की कोशिश.

तकनीक बदल गयी, खबरों के माध्यम बदल गये और न्यूजरूम का स्वरूप भी पूरी तरह बदल गया. लेकिन पत्रकारिता की बुनियादी जरूरत आज भी वही है- खबर को समझना, तथ्यों की पड़ताल करना, सही भाषा में लिखना और पाठकों तक विश्वसनीय सूचना पहुंचाना. मेरे लिए प्रभात खबर में बिताये वे शुरुआती वर्ष इसी बुनियाद को मजबूत करने वाले वर्ष थे. वे सिर्फ नौकरी के दिन नहीं थे, बल्कि पत्रकारिता सीखने, समझने और अपने भीतर एक पत्रकार को तैयार करने का समय था.

साझा करेंShareWhatsAppXFacebook

अपनी राय लिखेंLeave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *