सीधे सामग्री पर जाएँSkip to content
Vijay Pathak

जब आधी रात को दूसरे अखबार से रिजल्ट चुराया !

9 मिनट में पढ़ें9 min read
इसे एआइ से तैयार किया गया है. तब के कोई फोटोग्राफ्स मेरे पास नहीं हैं.

प्रभात खबर और मैं : छह

रांची में काम शुरू किये दो-तीन साल ही हुए थे. उप संपादक के रूप में अलग-अलग डेस्क पर काम करने का मौका मिल रहा था. अब मुझे सिटी डेस्क का काम सीखने के लिए लगाया गया था. वरिष्ठ साथियों का सान्निध्य मिल रहा था और हर दिन कुछ नया सीखने को मिलता था. पत्रकारिता के उस दौर में संसाधन सीमित थे, लेकिन काम करने का उत्साह और कुछ बेहतर कर गुजरने की ललक बहुत थी.
     आज की पीढ़ी के लिए शायद यह कल्पना करना भी मुश्किल हो कि तब अखबार निकालने की प्रक्रिया कितनी अलग थी. इंटरनेट नहीं था. न मोबाइल फोन पर खबरें आती थीं और न ही वेबसाइट पर एक क्लिक करते ही कोई सूचना उपलब्ध हो जाती थी. अखबार ही खबरों का सबसे बड़ा और भरोसेमंद माध्यम था. बच्चों के लिए तो परीक्षा परिणाम जानने का भी सबसे बड़ा जरिया अखबार ही हुआ करता था. एकीकृत बिहार का दौर था. मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं का परिणाम बिहार विद्यालय परीक्षा समिति से मिलता था. पटना स्थित प्रभात खबर के कार्यालय में रिजल्ट पहुंचता था और वहां से फैक्स के माध्यम से रांची भेजा जाता था. फिर यहां उसकी कंपोजिंग होती थी और अखबार में प्रकाशित किया जाता था. बच्चे सुबह अखबार का इंतजार करते थे. घरों में अखबार आते ही सबसे पहले परीक्षा परिणाम वाले पन्ने की तलाश होती थी. कई परिवारों के लिए वह सुबह बेहद खास होती थी.

ऐसे ही एक साल परीक्षा परिणाम के प्रकाशन का दिन था. सभी अखबारों की कोशिश रहती थी कि रिजल्ट सबसे पहले और पूरे विस्तार से उनके यहां प्रकाशित हो. यह प्रसार और प्रतिष्ठा, दोनों का सवाल था. प्रभात खबर के लिए भी यह एक महत्वपूर्ण अवसर था, लेकिन उस रात एक ऐसी स्थिति पैदा हो गयी, जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी. पटना से रिजल्ट रांची एक्सप्रेस को भेजा गया था. साथ ही यह कहा गया था कि रांची एक्सप्रेस इस रिजल्ट को दूसरे अखबारों को भी उपलब्ध करा दे. उस समय रांची एक्सप्रेस रांची का बड़ा और स्थापित अखबार था. उसका अपना प्रभाव और प्रसार था. प्रभात खबर उस दौर में अपनी जगह मजबूत करने की कोशिश कर रहा था. पर रांची एक्सप्रेस ने प्रभात खबर को रिजल्ट देने से इनकार कर दिया. संभव है, तब रांची एक्सप्रेस के बड़े अधिकारियों इसकी जानकारी न हो.

हम लोग उस समय नये-नये उपसंपादक बने थे. जोश था. हमारे लिए यह स्थिति असहज करनेवाली थी. रिजल्ट के बिना अखबार कैसे छपता? बच्चों और अभिभावकों को परीक्षा परिणाम का इंतजार था. दूसरे अखबारों में रिजल्ट छपने की संभावना थी, लेकिन प्रभात खबर के पास कुछ नहीं था. हरि भाई यानी हरिनारायण सिंह जी खुद रिजल्ट का इंतजाम करने में जुटे थे. उन्होंने काफी कोशिश की. अलग-अलग स्तर पर बात हुई, लेकिन कोई रास्ता नहीं निकला. रात बीत रही थी. समय तेजी से निकल रहा था. करीब 12.30 बज चुके थे. अंततः हरि भाई ने कहा कि अब तो लगता नहीं कि रिजल्ट मिल पायेगा. इसके बाद वह घर के लिए निकल गये.  हम लोगों के लिए यह बड़ी मुश्किल घड़ी थी. अखबार का पन्ना तैयार होना था. रिजल्ट के लिए जगह भी रखी गयी थी. लेकिन सामग्री नहीं थी. ऐसे में क्या किया जाये?
     मैं भी इसी उधेड़बुन में था. अचानक मुझे ध्यान आया नकि रांची एक्सप्रेस की एक गाड़ी प्रभात खबर का बंडल लेकर बुंडू जाती है. आम तौर पर अखबार ढोनेवाली गाड़ियों को रास्ते में पुलिसकर्मियों के लिए एक-दो अखबार दिये जाते थे. संभव था कि उस गाड़ी में रांची एक्सप्रेस की कुछ अतिरिक्त प्रतियां हों.   रात के करीब एक बज चुके थे. मैंने ज्यादा सोचने में समय गंवाना उचित नहीं समझा और सीधे कार्यालय के गेट पर चला गया. इंतजार करने लगा कि रांची एक्सप्रेस की गाड़ी कब आती है.
कुछ देर बाद गाड़ी आ गयी. मैंने ड्राइवर से पूछा, ‘लूज कॉपी है क्या?’

उसने कहा, ‘हां, है.’

मैंने तुरंत कहा, ‘दो कॉपी देंगे, इसके बदले आपको प्रभात खबर दे देते हैं.’ ड्राइवर तैयार हो गया. उसने मुझे रांची एक्सप्रेस की दो प्रतियां दे दीं. मेरे हाथ में अब वह सामग्री थी, जिसकी तलाश में पूरा दफ्तर परेशान था. लेकिन असली काम अभी बाकी था.  सीधे प्रसार विभाग पहुंचा. वहां मदन जी थे. उनसे पूछा कि रिजल्ट तैयार करने के लिए कितना समय मिल सकता है? उन्होंने कहा, ’45 मिनट में दे दीजिए. देर नहीं होनी चाहिए.’

अब मेरे पास समय था. मैंने तुरंत पेस्टिंग विभाग का रुख किया. उस दौर में अखबार के पन्ने तैयार करने की प्रक्रिया आज जैसी नहीं थी. कंप्यूटर पर पन्ना तैयार कर लेना संभव नहीं था. पेस्टिंग के जरिये पन्नों को अंतिम रूप दिया जाता था. किसी पन्ने में बदलाव करना हो, तो हाथ से काम करना पड़ता था.  मैंने रांची एक्सप्रेस की कॉपी खोली. उसमें परीक्षा परिणाम का पूरा पन्ना था. मैंने बिना देर किये पूरा पन्ना उठाया और प्रभात खबर के पेस्टिंग पेज पर चिपका दिया. पेज का मास्ट भी बदल दिया. यानी प्रभात खबर का मास्ट लगा दिया. नीचे की पट्टी पर एक महत्वपूर्ण सूचना लिखी थी. उसमें कहा गया था कि परीक्षाफल के प्रकाशन में पूरी सावधानी बरती गयी है और किसी त्रुटि के लिए रांची एक्सप्रेस जिम्मेवार नहीं होगा. अब वहां रांची एक्सप्रेस की जगह प्रभात खबर लिखना जरूरी था. मैंने वह भी बदल दिया. यानी नीचे की पट्टी में अब यह लिखा था कि परीक्षा फल के प्रकाशन में पूर्ण सावधानी बरती गयी है और किसी त्रुटि के लिए प्रभात खबर जिम्मेवार नहीं होगा.

रांची एक्सप्रेस के पिछले पन्ने पर भी परीक्षा परिणाम था. उसे स्कैनर पर स्कैन किया और दूसरे पन्ने पर चिपका दिया. इस तरह रिजल्ट के दोनों पेज तैयार हो गये. अब अखबार में जगह बनानी थी. इसके लिए सिटी के दो पन्ने ड्रॉप किये और उनकी जगह परीक्षा परिणाम लगा दिया. सिटी के पन्ने ड्रॉप करना, वह भी बिना किसी सीनियर की अनुमति के, आज तो असंभव है. आखिरकार रिजल्ट के पन्ने तैयार हो गये. उस रात एक उपसंपादक के तौर पर मैंने जो किया, वह शायद सामान्य संपादकीय प्रक्रिया का हिस्सा नहीं था. उस समय मेरे सामने सिर्फ एक बात थी कि अगली सुबह प्रभात खबर के पाठकों को परीक्षा परिणाम मिलना चाहिए. अखबार किसी दूसरे अखबार से पीछे नहीं रहना चाहिए. अगले दिन जब हरि भाई कार्यालय आये, तो उन्होंने सबसे पहले पूछा, कहां से जुगाड़ किया?’  मैंने उन्हें पूरी कहानी सुनायी. कैसे रांची एक्सप्रेस की गाड़ी का इंतजार किया, कैसे ड्राइवर से दो प्रतियां लीं, कैसे पेस्टिंग में पूरा पन्ना बदला और कैसे सिटी के दो पन्नों की जगह रिजल्ट लगाया.  उस समय उनकी प्रतिक्रिया क्या थी, यह आज शब्दशः याद नहीं है, लेकिन वह प्रसंग मेरे मन में हमेशा के लिए दर्ज हो गया.

आज जब उस घटना को याद करता हूं, तो कई सवाल मन में आते हैं. क्या किसी दूसरे अखबार के पन्ने को इस तरह उठाकर अपने अखबार में प्रकाशित करना पत्रकारिता के एथिक्स के अनुरूप था? निश्चित रूप से पत्रकारिता के मानकों से इसे उचित नहीं ठहराया जा सकता. दूसरे अखबार की सामग्री का इस्तेमाल बिना अनुमति करना कॉपीराइट और संपादकीय नैतिकता, दोनों के सवाल खड़े करता है. उस समय भी इस पर सवाल उठाये जा सकते थे. लेकिन उस रात हमारे मन में न कॉपीराइट का सवाल था, न किसी दूसरे अखबार से प्रतिस्पर्धा में आगे निकलने की व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा. हमारे सामने एक ही लक्ष्य था- अपने अखबार को पाठकों की अपेक्षाओं पर खरा उतारना. यह भी सच है कि अखबार को मजबूत बनाने की धुन में हमने उस समय सही-गलत के बीच की सीमा को बहुत सहजता से पार कर लिया था. आज उस फैसले को सही ठहराने के बजाय उसे उस दौर की कार्यसंस्कृति, दबाव और हमारे उत्साह के संदर्भ में देखना ज्यादा उचित होगा.

उस दौर की एक खास बात थी. संपादकीय विभाग में काम करनेवालों को अपनी जिम्मेदारी का एहसास था. अखबार सिर्फ नौकरी नहीं था. वह अपना संस्थान था. उसकी प्रतिष्ठा, प्रसार और पाठकों का भरोसा हम सबकी चिंता का विषय होता था. संसाधन कम थे, लेकिन काम के प्रति समर्पण में कमी नहीं थी. कई बार फैसले लेने के लिए किसी औपचारिक अनुमति का इंतजार नहीं करना पड़ता था. परिस्थिति के मुताबिक रास्ता निकालना होता था और उसकी जिम्मेदारी भी खुद उठानी पड़ती थी.

आज पत्रकारिता और अखबार निकालने की तकनीक पूरी तरह बदल चुकी है. इंटरनेट है, डिजिटल प्लेटफॉर्म हैं, सोशल मीडिया है और खबरों की दुनिया में प्रतिस्पर्धा पहले से कहीं अधिक तेज हो गयी है. अब परीक्षा परिणाम के लिए किसी को सुबह अखबार का इंतजार नहीं करना पड़ता. कुछ ही क्षणों में मोबाइल पर रिजल्ट उपलब्ध हो जाता है, लेकिन उस दौर की चुनौतियां और उनसे जूझने का अनुभव आज भी याद आता है. कभी-कभी लगता है कि पत्रकारिता में तकनीक से ज्यादा जरूरी है, काम के प्रति जिम्मेदारी, निर्णय लेने की क्षमता और संकट में रास्ता निकालने का साहस.  उस रात मैंने जो किया, वह पत्रकारिता की नैतिक कसौटी पर बहस का विषय हो सकता है, लेकिन उस घटना ने मुझे एक बात जरूर सिखायी- अखबार की जिम्मेदारी सिर्फ खबरें छापने तक सीमित नहीं होती. उसके पीछे पूरी टीम की मेहनत, प्रतिबद्धता और पाठकों के प्रति जवाबदेही होती है.

रात के एक बजे रांची एक्सप्रेस की गाड़ी का इंतजार करते हुए शायद मुझे भी अंदाजा नहीं था कि यह छोटी-सी कोशिश आगे चलकर पत्रकारिता के मेरे सफर की एक यादगार घटना बन जायेगी.  आज पीछे मुड़कर देखता हूं, तो उस दौर की सबसे बड़ी पूंजी यही लगती है- काम करने की आजादी, कुछ नया करने का भरोसा और अखबार को अपना मानकर उसके लिए पूरी ताकत लगा देने का जज्बा.

साझा करेंShareWhatsAppXFacebook

अपनी राय लिखेंLeave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *