सीधे सामग्री पर जाएँSkip to content
Vijay Pathak

आज SIR पर रोक की मांग करेंगे हेमंत सोरेन

9 मिनट में पढ़ें9 min read

25-26 नवंबर को विधानसभा का विशेष सत्र

झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र 25-26 नवंबर को शुरू हो रहा है. इस सत्र में पहले दिन एसआइआर पर चर्चा होगी और दूसरे दिन एमएमडीआर बिल पर. पहले दिन की विधानसभा की कार्यसूची के मुताबिक एसआइआर पर चर्चा होनी है. जानिये… सरकार को आशंका क्या है

झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राज्य सरकार की ओर से संकल्प पेश किया जायेगा. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन निर्वाचन आयोग की ओर से चलायी जा रही SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं को हो रही परेशानियों और प्रक्रिया की जटिलताओं का मुद्दा उठायेंगे. विधानसभा की कार्यसूची के अनुसार, मुख्यमंत्री निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान सामने आयी समस्याओं के आलोक में राज्य सरकार का प्रस्ताव सदन के समक्ष रखेंगे. सरकार का कहना है कि SIR की प्रक्रिया में तकनीकी खामियों, दस्तावेजों की अनिवार्यता और मतदाताओं को नोटिस दिये जाने के कारण बड़ी संख्या में योग्य मतदाताओं के नाम सूची से हटने या संदिग्ध श्रेणी में जाने की आशंका पैदा हुई है. राज्य सरकार इस प्रक्रिया पर पुनर्विचार और आवश्यक बदलाव की मांग करते हुए विधानसभा की सहमति से केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजना चाहती है.

2.64 करोड़ मतदाताओं में 2.21 करोड़ नाम ही प्रारूप सूची में

सरकार के प्रस्ताव में झारखंड की मतदाता सूची से जुड़े आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि राज्य में कुल 2.64 करोड़ मतदाता हैं. SIR के प्रथम चरण के प्रारूप के प्रकाशन में 2.21 करोड़ मतदाताओं के नाम सामने आये हैं. प्रस्ताव के अनुसार, इसका अर्थ है कि लगभग 16 प्रतिशत मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाये गये. प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि प्रारूप मतदाता सूची में प्रकाशित 2.21 करोड़ मतदाताओं में से लगभग 27 प्रतिशत मतदाताओं को संदिग्ध मानते हुए नोटिस जारी किये गये. नोटिस के मामलों में 75 प्रतिशत से अधिक प्रकरण तार्किक विसंगतियों (Logical Discrepancies) से जुड़े बताये गये हैं. इन विसंगतियों में मुख्य रूप से माता-पिता के नाम की वर्तनी में अंतर, उम्र में अंतर और उत्तराधिकारियों की संख्या जैसी वजहों का उल्लेख किया गया है.

सरकार का तर्क है कि इन तकनीकी और तार्किक विसंगतियों के आधार पर बड़ी संख्या में मतदाताओं को संदिग्ध मानना उचित नहीं है. प्रस्ताव में कहा गया है कि झारखंड के कुल 2.64 करोड़ मतदाताओं में से 38 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं के नाम या तो मतदाता सूची से हटाये गये हैं या उन्हें संदिग्ध माना गया है.

आदिवासी बहुल राज्य में SIR की प्रक्रिया को लेकर चिंता

प्रस्ताव में झारखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और भौगोलिक परिस्थितियों को SIR के दौरान सामने आने वाली समस्याओं की प्रमुख वजह बताया गया है. सरकार का कहना है कि झारखंड एक आदिवासी बहुल राज्य है, जहां सामाजिक और सांस्कृतिक परिस्थितियां दूसरे राज्यों से अलग हैं. आदिवासी समुदाय में शिक्षा और जागरूकता का स्तर कई क्षेत्रों में अपेक्षाकृत कम होने के कारण लोगों को दस्तावेज जुटाने और निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने में कठिनाई होती है. प्रस्ताव में कहा गया है कि कई आदिवासी परिवारों के लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका. वहीं, शिक्षा और जागरूकता की कमी के कारण सरकारी दस्तावेजों में नाम, उम्र और पारिवारिक विवरण में अंतर जैसी समस्याएं भी सामने आयीं. सरकार ने आशंका जतायी है कि ऐसी परिस्थितियों में SIR के दौरान योग्य मतदाताओं को भी उनके मताधिकार से वंचित होना पड़ सकता है.

दस्तावेजों के अभाव में बुजुर्गों और महिलाओं को परेशानी

कार्यसूची में SIR के दौरान सामने आयी दस्तावेजों से जुड़ी समस्याओं का विस्तार से उल्लेख किया गया है. प्रस्ताव के अनुसार, कई वास्तविक मतदाताओं, विशेषकर बुजुर्गों के पास जन्म प्रमाणपत्र, मैट्रिक प्रमाणपत्र, पासपोर्ट या मांगे गये दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं. ऐसे लोगों के नाम संदिग्ध सूची में डाल दिये गये. आधार कार्ड, राशन कार्ड और मतदाता पहचान पत्र को नागरिकता अथवा जन्मतिथि के प्रमाण के रूप में स्वीकार नहीं किये जाने से भी लोगों को परेशानी हुई. प्रस्ताव में कहा गया है कि इन दस्तावेजों को स्वीकार नहीं किये जाने के कारण कई लोगों को अतिरिक्त दस्तावेज जुटाने की जरूरत पड़ी. विवाह के बाद दूसरे गांव में रहने वाली महिलाओं के नाम भी मतदाता सूची में दर्ज कराने में समस्याएं सामने आयीं. कई महिलाओं का नाम मायके की मतदाता सूची में था, लेकिन ससुराल की सूची में नाम दर्ज नहीं हो सका. दस्तावेजों में पिता के नाम का उल्लेख होने के बावजूद पति के परिवार से जुड़े दस्तावेजों के अभाव में आवेदन लंबित रहने की समस्या का भी उल्लेख किया गया है.  विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को दस्तावेज अद्यतन नहीं होने के कारण अधिक जांच-पड़ताल का सामना करना पड़ा.

  झारखंड से बड़ी संख्या में मजदूर दिल्ली, मुंबई, सूरत और अन्य महानगरों में काम करते हैं. प्रस्ताव में कहा गया है कि इन मजदूरों के लिए गणना प्रपत्र भरने और निर्धारित समय में दस्तावेज उपलब्ध कराने में कठिनाई हुई.  यदि घर पर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था, तो मतदाता का नाम सूची से हटने का खतरा पैदा हुआ. दूसरे राज्यों में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को भी इसी तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ा.   सरकार का कहना है कि झारखंड में ग्रामीण क्षेत्रों से रोजगार के लिए बाहर जाने वाले लोगों की बड़ी आबादी है. ऐसे में SIR की प्रक्रिया में उनकी उपलब्धता और दस्तावेजों की व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है.

BLO पर कम समय में हजारों मतदाताओं तक पहुंचने का दबाव

प्रस्ताव में SIR की प्रक्रिया के लिए बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) को दिये गये समय पर भी सवाल उठाया गया है.   कहा गया है कि BLO को दो से तीन सप्ताह में 1000 से अधिक मतदाताओं तक पहुंचना था. कई मतदाताओं की शिकायत थी कि BLO केवल एक बार उनके घर आये, जबकि उस समय वे काम या खेतों में व्यस्त थे.  भाषा की समस्या भी सामने आयी. प्रस्ताव के अनुसार, हिंदी और अंग्रेजी में प्रपत्र होने के कारण कई ग्रामीण मतदाताओं को फॉर्म भरने में सहायता की जरूरत पड़ी. स्मार्टफोन की अनुपलब्धता और OTP से जुड़ी समस्याओं के कारण ऑनलाइन सुधार पोर्टल का इस्तेमाल भी कठिन रहा. कई मामलों में OTP पुराने मोबाइल नंबर पर जाने की शिकायत का उल्लेख किया गया है.

पश्चिम बंगाल के उदाहरण का भी उल्लेख

राज्य सरकार के प्रस्ताव में पड़ोसी पश्चिम बंगाल में SIR के दौरान सामने आये आंकड़ों और कानूनी प्रक्रिया का भी उल्लेख किया गया है.  प्रस्ताव के अनुसार, पश्चिम बंगाल में पिछले विधानसभा चुनाव से पहले हुए SIR में 90 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाये गये थे. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भारत निर्वाचन आयोग की ओर से अपीलों के निपटारे के लिए ट्रिब्यूनल गठित किये गये.  प्रस्ताव में कहा गया है कि इन ट्रिब्यूनलों को लगभग 38 लाख से अधिक अपील आवेदन प्राप्त हुए हैं. सरकार ने इस उदाहरण के आधार पर झारखंड जैसे आदिवासी बहुल राज्य में SIR की प्रक्रिया को अधिक चुनौतीपूर्ण बताया है.

संविधान और मताधिकार का हवाला

सरकार के प्रस्ताव में संविधान के अनुच्छेद 326 का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि वयस्क मताधिकार लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है. किसी भी योग्य मतदाता को केवल तकनीकी या प्रक्रियागत कारणों से मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए.   प्रस्ताव में सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति उज्ज्वल भुइयां की टिप्पणी का भी उल्लेख है. इसमें कहा गया है कि यदि किसी प्रक्रिया के कारण लाखों भारतीय नागरिकों को मताधिकार से वंचित कर दिया जाता है और उन्हें अपने ही देश में द्वितीय श्रेणी का नागरिक बना दिया जाता है, तो ऐसी प्रक्रिया गंभीर संवैधानिक सवाल खड़े करती है. सरकार का कहना है कि SIR की प्रक्रिया में पारदर्शिता, सरलता और सभी योग्य मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए. मुख्यमंत्री की ओर से सदन में पेश किये जाने वाले प्रस्ताव में निर्वाचन आयोग की मौजूदा SIR प्रक्रिया पर रोक लगाते हुए इसके स्वरूप में आवश्यक परिवर्तन करने की मांग की गयी है.

प्रस्ताव के अनुसार, सभी राजनीतिक दलों के साथ चर्चा के बाद पारदर्शी नियम और सरल प्रक्रिया तैयार की जानी चाहिए. इसके बाद ही नये सिरे से SIR कराये जाने की बात कही गयी है.  सरकार का तर्क है कि वर्तमान प्रक्रिया में अपनायी जा रही जटिलताओं के कारण योग्य मतदाताओं को परेशानी हो रही है. इसलिए पहले प्रक्रिया को सरल और व्यावहारिक बनाया जाना चाहिए, ताकि किसी भी नागरिक का मताधिकार प्रभावित न हो.

विधानसभा की सहमति से केंद्र को भेजा जायेगा प्रस्ताव

कार्यसूची कहा गया है कि राज्य सरकार की ओर से सम्यक विचार-विमर्श के बाद लिये गये निर्णय के आलोक में निर्वाचन आयोग की SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं को हो रही परेशानियों पर केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने के लिए विधानसभा की सहमति मांगी जायेगी.   मुख्यमंत्री की ओर से पेश किये जाने वाले इस संकल्प  पर सदन की स्वीकृति मिलने के बाद राज्य सरकार केंद्र सरकार को अपना पक्ष भेजेगी.

साझा करेंShareWhatsAppXFacebook

अपनी राय लिखेंLeave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *